Crime News: अगर आप भी अपने बच्चे को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए मोबाइल फोन देते हैं तो उस पर नजर रखें। ऐसा इसलिए क्योंकि छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले की ये खबर आपको भी हैरान कर देगी।
जहां 8 साल की बच्ची से नाबालिग बच्चों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बलात्कारियों की उम्र भी आपको हैरान कर देगी। सभी आरोपी बच्चों की उम्र छह से 13 साल के बीच है।
ये सभी नाबालिग लड़के बच्ची के चचेरे भाई, करीबी रिश्तेदार और दोस्त हैं। पुलिस ने मामले की जांच की तो हैरान रह गए।
पुलिस ने इस मामले के बारे में बताया कि सभी नाबालिग लड़के घरवालों द्वारा ऑनलाइन क्लास करने के लिए दिए गए मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखकर बच्ची के साथ रेप करते थे।
पुलिस ने उस मोबाइल को जब्त कर लिया है जिसमें कई गंदी साइटों के लिंक मिले हैं। गांधी नगर थाने की पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सभी नाबालिग लड़के मोबाइल में अश्लील वीडियो देखकर पिछले डेढ़ महीने से बच्ची से दुष्कर्म कर रहे थे।
इस बात की जानकारी लड़की के परिवार को तब हुई जब लड़की ने पेट दर्द की शिकायत की। लड़की ने जब यह सब अपनी मां को बताया तो उसके होश उड़ गए और घर में कोहराम मच गया।
ये सभी एक संयुक्त परिवार में रहते हैं और आपस में खेलते और पढ़ते हैं। परिवार में यह सब कब हुआ, घर के बुजुर्गों को भी पता नहीं चला।
लड़की से बार-बार पूछताछ की गई तो पता चला कि उसके साथ यह सब पिछले डेढ़ महीने से चल रहा था। इसके बाद शुक्रवार को इस मामले को लेकर लड़की के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।