देश की एक बड़ी आबादी के लिए टाइम पास का जरिया बन चुके ऑनलाइन गेम्स के कई दुष्परिणाम सामने आते रहते हैं। इनके जरिए कभी कोई ऑनलाइन धोखाधड़ी में फंस जाता है तो कभी प्यार में पड़कर धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है।
ताजा मामला उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से सामने आया है। जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता एक पबजी खिलाड़ी के प्यार का शिकार हो गई और उससे मिलने उत्तर प्रदेश से बिहार चली गई। शिकायत पर पुलिस ने महिला को बरामद कर उसके पति को सौंप दिया है।
पुलिस के मुताबिक मामला महराजगंज के बधरा बरईपार का है। यहां रहने वाली एक महिला अपने खाली समय में अक्सर पबजी गेम खेलती थी।
इस दौरान उन्हें बिहार के मुजफ्फरपुर में रहने वाले एक पबजी प्लेयर से प्यार हो गया। महिला 3 मार्च की रात अचानक अपने घर से लापता हो गई।
पति ने श्यामदेउरवा थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएचओ आनंद गुप्ता के मुताबिक महिला के लापता होने के बाद पति ने चार मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
महिला के लापता होने का मामला दर्ज होते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। जांच में पता चला कि महिला को पबजी खेलने की आदत थी।
इस दौरान वह बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले एक लड़के से बात करने लगी। दोनों के बीच बातचित प्यार में बदल गई और महिला घर से भाग निकली और लड़के से मिलने पहुंच गई।
महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने उसे बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के मुताबिक महिला सुष्मिता सरकार और उसका पति मूल रूप से बंगाल की रहने वाली हैं और लंबे समय से यूपी के महाराजगंज जिले में रह रही हैं।